Site icon Lahar Chakra

Kolhan ‘Flood Alert’: रुक-रुक बारिश जारी; कोल्हान के तीनों जिलों के लिए बाढ़ की चेतावनी, लोगों से सतर्क रहने की अपील

Jamshedpur. कोल्हान समेत झारखंड के 12 जिलों में सोमवार को अचानक बाढ़ आने की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के बुलेटिन के अनुसार, जिन जिलों में बाढ़ का खतरा है, उनमें गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, रांची, बोकारो, सरायकेला, पश्चिमी और पूर्वी सिंहभूम शामिल हैं. जमशेदपुर, रांची समेत झारखंड के कई इलाकों में रविवार से मध्यम से भारी बारिश जारी है.

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि चक्रवाती हवाओं और कम दबाव के क्षेत्र के कारण बारिश हो रही है. उन्होंने बताया कि सोमवार को झारखंड में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है और राज्य के पश्चिमी एवं दक्षिणी इलाकों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.

उन्होंने बताया कि झारखंड में एक जून से छह जुलाई के बीच 69 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है. इस अवधि के दौरान राज्य में 246.2 मिमी सामान्य वर्षा के मुकाबले 417.2 मिमी वर्षा हुई. अधिकारी ने बताया कि लातेहार जिले में सबसे अधिक अतिरिक्त वर्षा (157 प्रतिशत) दर्ज की गई.

Exit mobile version