
चाईबासा। कोल्हान विश्वविद्यालय (केयू), चाईबासा के सातवें दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। विश्वविद्यालय का सातवां दीक्षांत समारोह 29 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। समारोह को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने मंगलवार को अधिसूचना जारी करते हुए विद्यार्थियों के रजिस्ट्रेशन और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
विद्यार्थियों को राहत देते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने उपाधि प्राप्त करने के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 17 सितंबर 2026 तक बढ़ा दी है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित की गई थी। आवेदन से संबंधित अन्य सभी नियम एवं शर्तें पूर्व में जारी अधिसूचना के अनुसार ही लागू रहेंगी।
गैर-टॉपर्स पीजी विद्यार्थी भी ले सकेंगे डिग्री
दीक्षांत समारोह में पीजी के वैसे विद्यार्थी भी शामिल होकर अपनी डिग्री प्राप्त कर सकेंगे, जो टॉपर्स की श्रेणी में नहीं आते हैं। इसके लिए विद्यार्थियों को निर्धारित आवेदन फॉर्म के साथ 500 रुपये शुल्क जमा करना होगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, ताकि दीक्षांत समारोह में उपाधि प्राप्त करने में किसी तरह की परेशानी न हो।
पीएचडी उपाधि के लिए 2000 रुपये शुल्क
पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने वाले वैसे शोधार्थी, जिनकी उपाधि संबंधी अधिसूचना 31 जुलाई 2026 तक जारी हो चुकी है, वे भी दीक्षांत समारोह में शामिल होकर अपनी डिग्री प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत 2000 रुपये शुल्क जमा करना होगा।
आवेदन के साथ ये दस्तावेज जरूरी
रजिस्ट्रेशन फॉर्म के साथ विद्यार्थियों को कुछ आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे। इनमें एडमिट कार्ड, मार्कशीट, आधार कार्ड, मैट्रिक बोर्ड प्रमाणपत्र और दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो शामिल हैं।
निर्धारित शुल्क डिमांड ड्राफ्ट अथवा चालान के माध्यम से रजिस्ट्रार, कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा के पक्ष में जमा करना होगा।
समारोह के लिए बनीं विभिन्न समितियां
सातवें दीक्षांत समारोह को सफल बनाने के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर विभिन्न समितियों का गठन किया जा चुका है। कुलपति प्रो. डॉ. अंजिला गुप्ता ने सभी समितियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है।
वेबसाइट पर उपलब्ध है रजिस्ट्रेशन फॉर्म
दीक्षांत समारोह से संबंधित विस्तृत जानकारी और रजिस्ट्रेशन फॉर्म विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट kolhanuniversity.ac.in पर उपलब्ध है। विद्यार्थी वेबसाइट से फॉर्म डाउनलोड कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
