
Deoghar.मशहूर कवि डॉ कुमार विश्वास रविवार को बाबा मंदिर पहुंचे और बाबा बैद्यनाथ के दरबार में हाजिरी लगायी. उन्होंने गर्भ गृह में बाबा पर जलाभिषेक कर आशीर्वाद लिया. बाबा की पूजा करने के बाद डॉ विश्वास ने कहा कि वह जब भी झारखंड आते हैं तो देवघर स्थित बाबा धाम जरूर पहुंचते हैं. इस मंदिर का बहुत बड़ा महत्व है और इस मंदिर से जिनको भी आशीर्वाद मिला है, वह दिन दोगुना, रात चौगुना आगे बढ़ते गये हैं. उन्होंने कहा कि देश ही नहीं पूरे विश्व का यह सुप्रीम कोर्ट है.
डॉ विश्वास को बाबा मंदिर प्रशासनिक भवन में विधिवत अभयानंद झा ने संकल्प पूजा कराने के लिए गर्भ गृह में प्रवेश कराया तथा पंचोपचार विधि से पूजा की. वहीं, मंदिर प्रबंधक रमेश परिहस्त ने बाबा की स्तुति कर पूजा संपन्न करायी. मालूम हो कि डॉ विश्वास धनबाद में एक कवि सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद देवघर पहुंचे थे. इस मौके पर उनकी एक झलक पाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. मंदिर परिसर में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये थे.
