Site icon Lahar Chakra

‘कुंभ बेकार है’… नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में 18 लोगों की मौत के बाद भड़के ‘लालू यादव’, राहुल ने मोदी सरकार को घेरा

Patna/New Delhi. राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ 18 लोगों की मौत पर कहा कि कुंभ का कहां कोई मतलब है. फालतू है कुंभ. घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है और मैं पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं. यह रेलवे का कुप्रबंधन है. रेल मंत्री को जिम्मेदारी लेनी चाहिए. हालांकि, रेलवे ने इस हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं.

कांग्रेस बोली-सच छिपा रही सरकार
कांग्रेस ने नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में हुई मौतों के बारे में सरकार पर रविवार को सच्चाई छिपाने का आरोप लगाया और कहा कि इससे एक बार फिर रेलवे की ‘‘विफलता’’ और सरकार की ‘‘असंवेदनशीलता’’ उजागर हुई है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मोदी सरकार मौतों के बारे में ‘‘सच्चाई छिपाने’’ का प्रयास कर रही है और यह बेहद शर्मनाक एवं निंदनीय है. पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि महाकुंभ के लिए प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए स्टेशन पर बेहतर व्यवस्था की जानी चाहिए थी. गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह घटना एक बार फिर रेलवे की विफलता और सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर करती है. प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए स्टेशन पर बेहतर व्यवस्था की जानी चाहिए थी. उन्होंने कहा, ‘‘सरकार और प्रशासन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कुप्रबंधन और लापरवाही के कारण किसी को जान न गंवानी पड़े. गांधी ने कहा कि भगदड़ में कई लोगों के जान गंवाने और घायल होने की खबर बेहद दुखद एवं परेशान करने वाली है. उन्होंने कहा, ‘‘ मैं शोकसंतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.

वहीं, खरगे ने ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में कहा कि भगदड़ में कई लोगों के मरने की खबर बेहद दुखद है और सामने आए वीडियो बेहद हृदय विदारक हैं. खरगे ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई मौतों के बारे में सच्चाई छिपाने का नरेन्द्र मोदी सरकार का प्रयास बेहद शर्मनाक और निंदनीय है. हम मांग करते हैं कि मृतकों और घायलों की संख्या जल्द से जल्द घोषित की जाए तथा लापता लोगों की पहचान भी सुनिश्चित की जाए.

Exit mobile version