
Srinagar. पाकिस्तानी सेना ने बुधवार को जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास अग्रिम पंक्ति के गांवों को निशाना बनाकर भारी गोलाबारी की, जिसमें नौ लोग मारे गए और 41 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी.
यह गोलाबारी भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकवादी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए जाने के बाद हुई. अधिकारियों ने बताया कि सभी नौ नागरिकों की मौत, गोलाबारी से सबसे अधिक प्रभावित पुंछ जिले में हुईं. अधिकारियों ने बताया कि भारतीय सेना गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दे रही है, जवाबी कार्रवाई में दुश्मन की कई चौकियों को नष्ट कर दिया गया है, जिससे उनकी ओर भारी नुकसान होने और कई लोगों के हताहत होने की सूचना है.
अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी गोलाबारी से सबसे ज्यादा नुकसान पुंछ जिले में हुआ है, जहां नौ नागरिक मारे गए. उन्होंने बताया कि 28 लोग घायल भी हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई गई है. अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान की अंधाधुंध गोलाबारी से सीमावर्ती निवासियों में दहशत फैल गई और उन्हें भूमिगत बंकरों में शरण लेने या अपने गांवों के भीतर या बाहर सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा.
उन्होंने बताया कि पुंछ में नियंत्रण रेखा के पास बालाकोट, मेंढर, मनकोट, कृष्णा घाटी, गुलपुर, केरनी और यहां तक कि पुंछ जिला मुख्यालय से भी गोलाबारी की खबर है, जिसके परिणामस्वरूप दर्जनों आवासीय मकानों को नुकसान पहुंचा है.
