भुइयांडीह के झरना घाट शिव मंदिर परिसर में हुआ वितरण, नारियल, फल, गन्ना और पूजा की अन्य आवश्यक सामग्री भी दी गई
जमशेदपुर। सूर्य उपासना और लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर सामाजिक संस्था लोक समर्पण की ओर से भुइयांडीह क्षेत्र में सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्था के अध्यक्ष ललित दास के नेतृत्व में शनिवार को बाबूडीह स्थित झरना घाट शिव मंदिर प्रांगण में 251 जरूरतमंद छठ व्रतियों के बीच सूप, साड़ी और संपूर्ण छठ पूजन सामग्री का वितरण किया गया।
इस दौरान व्रतधारियों को श्रद्धापूर्वक पूजा सामग्री के पैकेट भेंट किए गए। इनमें सूप और साड़ी के साथ नारियल, गन्ना, पानीफल, अमरूद, गागर नींबू, सेब, संतरा, केला, अदरक, हल्दी, दीया-बाती सहित छठ पूजा में उपयोग होने वाली अन्य आवश्यक सामग्री शामिल थी।
आर्थिक परेशानी के कारण कमजोर न हो आस्था: ललित दास
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष ललित दास ने कहा कि संस्था का प्रयास रहता है कि पर्व-त्योहार के अवसर पर आसपास के जरूरतमंद परिवारों की आस्था आर्थिक परेशानियों के कारण प्रभावित न हो। इसी उद्देश्य से संस्था की ओर से प्रत्येक वर्ष छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री का वितरण किया जाता है।
उन्होंने कहा कि लोक समर्पण भविष्य में भी सामाजिक सरोकार और जनसेवा से जुड़े कार्यों को इसी तरह जारी रखेगा।
संस्था के सदस्य और स्थानीय लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में लोक समर्पण संस्था के नीरज कुमार, अभिषेक अग्रवाल, ज्ञान सिंह चौहान, सुभाष मुखी, रूपेश साहू, जगजीत सिंह, दीपक सिंह और अर्णव कुमार सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
इसके अलावा स्थानीय लोगों में मिथिलेश साव, लोहा यादव, सोनू सिंह, मुन्ना साव, धनराज, मनोज साव, अमन, दीपक और राहुल समेत अन्य लोगों ने भी कार्यक्रम में सहयोग किया।
