Site icon Lahar Chakra

Loksabha Speaker Visit Jamshedpur: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला आज आएंगे जमशेदपुर, सिंहभूम चेंबर के प्लैटिनम जुबली कार्यक्रम में होंगे शामिल

Jamshedpur. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला रविवार को रांची आयेंगे. वह सुबह नौ बजे रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगे. इसके बाद जमशेदपुर पहुंचेंगे. यहां वे आयोजित सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्लैटिनम जुबली कार्यक्रम में शामिल होंगे. जमशेदपुर के इतिहास में यह पहला मौका होगा, जब कोई लोकसभा स्पीकर यहां पहुंचेंगे. रांची से वे विशेष हेलीकॉप्टर से सोनारी हवाई अड्डा पर उतरेंगे. इसके बाद सीधे सड़क मार्ग से बिष्टुपुर स्थित लोयोला ऑडिटोरियम में 12 बजे उनका प्रवेश होगा. शहर में 205 मिनट (तीन घंटा- 25 मिनट) रहने के बाद वे सोनारी हवाई अड्डा से रांची के लिए 3.15 बजे रवाना होंगे, जमशेदपुर दौरे के क्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला बिष्टुपुर स्थित सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स के भवन भी जायेंगे.

लोयोला प्रेक्षागृह में लगभग दो घंटे तक लोकसभा अध्यक्ष मौजूद रहेंगे. लोकसभा अध्यक्ष के शहर आगमन-प्रस्थान तक जिला प्रशासन द्वारा सोनारी हवाई अड्डा, लिंक रोड, सोनारी सर्किट हाउस मेन रोड, लोयोला स्कूल, बिष्टुपुर चेंबर भवन तक की ट्रैफिक व्यवस्था में आंशिक बदलाव रविवार को किया जायेगा. सिंहभूम चेंबर के अध्यक्ष विजय आनंद मूनका व महासचिव मानव केडिया ने बताया कि समारोह में 1200 से अधिक लोगों को आमंत्रित किया गया है.

जमशेदपुर से रांची लौटकर वे शाम 5.45 बजे रांची के स्वर्णभूमि बैंक्वेट हॉल में विभिन्न संगठनों द्वारा आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में भाग लेंगे. रात्रि विश्राम राजभवन में करेंगे. सोमवार सुबह वे केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ के हेहल स्थित आवास पर जायेंगे. दिन के 11.30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे.

Exit mobile version