
Mahadevshal. आस्था और श्रद्धा के प्रमुख केंद्र बाबा महादेवसाल धाम में रविवार को श्रावणी मेला-2026 का विधिवत शुभारंभ हुआ। मेले का उद्घाटन सिंहभूम की सांसद जोबा माझी और मनोहरपुर विधायक जगत माझी ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन के अवसर पर दोनों जनप्रतिनिधियों ने बाबा महादेवसाल मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र एवं जिले की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। सांसद जोबा माझी ने कहा कि झारखंड के दूसरे बाबा धाम के रूप में प्रसिद्ध महादेवसाल धाम श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का केंद्र है और यहां लगने वाले श्रावणी मेले का सामाजिक एवं धार्मिक महत्व काफी बड़ा है।
वहीं विधायक जगत माझी ने कहा कि श्रावण मास में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हरसंभव व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और मंदिर समिति के सदस्य उपस्थित रहे। मेले के शुभारंभ के साथ ही बाबा भोलेनाथ के जयकारों से पूरा महादेवसाल धाम भक्तिमय माहौल में गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
