Site icon Lahar Chakra

Mahakumbh: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रयागराज पहुंचकर संगम में डुबकी लगायी, गंगा आरती और पूजा-अर्चना भी कीं

Prayagraj. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ-2025 के त्रिवेण संगम में सोमवार को डुबकी लगाई. अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति सुबह विशेष विमान से प्रयागराज हवाई अड्डे पर पहुंचीं, जहां राज्य की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया. वहां से वह अरैल पहुंचीं और नाव से संगम पहुंचकर स्नान किया.अधिकारियों के अनुसार नाव से संगम घाट जाते समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपति मुर्मू को गंगा और यमुना नदी तथा उसके प्रवाह के बारे में जानकारी दी.

नाव से घाट जाते समय राष्ट्रपति ने साइबेरियाई पक्षियों को दाना भी डाला। संगम में स्नान करने के उपरांत मुर्मू ने गंगा में नारियल और पुष्प अर्पित किए तथा सूर्यदेव को अर्घ्य दिया. डुबकी लगाने के दौरान राष्ट्रपति को सफेद रंग के सलवार-सूट पहने देखा गया. स्नान के बाद राष्ट्रपति ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच, गंगा आरती तथा पूजा-अर्चना की.

राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, महाकुंभ में राष्ट्रपति संगम में पूजा अर्चना करने के साथ ही अक्षयवट और बड़े हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना करेंगी. उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति डिजिटल महाकुंभ अनुभव केंद्र भी जाएंगी। देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने भी महाकुंभ के दौरान संगम में स्नान किया था.

Exit mobile version