


New Delhi. संसद के बजट सत्र के तीसरे दिन सोमवार को महाकुंभ में में कुप्रबंधन के मुद्दे पर तत्काल चर्चा कराये जाने की मांग को लेकर विपक्ष ने दोनों सदनों में जम कर हंगामा किया. कांग्रेस, समाजवादी पार्टी समेत तमाम विपक्षी दलों ने सरकार से महाकुंभ में हुई मौतों की सही जानकारी देने की मांग की. आसन की ओर से मांग खारिज किये जाने के बाद उन्होंने पहले शून्यकाल और फिर प्रश्नकाल के दौरान सदन से बहिर्गमन किया.
राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि 29 जनवरी को महाकुंभ में हुई भगदड़ में मारे गये हजारों लोगों को मेरी श्रद्धांजलि. राज्यसभा के सभापति और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने उन्हें बयान वापस लेने को कहा. जवाब में खरगे ने कहा कि यह मेरा अनुमान है. अगर आंकड़े सही नहीं हैं, तो सरकार को बताना चाहिए कि सच्चाई क्या है. मैंने किसी को दोषी ठहराने के लिए हजारों नहीं कहा, लेकिन कितने लोग मारे गये, यह जानकारी तो दीजिए. अगर मैं गलत हूं, तो मैं माफी मांगूंगा. इधर, लोकसभा में भी हंगामा कर रहे सांसद वेल तक पहुंच गये. वे स्पीकर ओम बिरला से कुंभ भगदड़ पर चर्चा की मांग कर रहे थे.



