
जमशेदपुर. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले में स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारियों और कर्मचारियों का तबादला कर दिया गया है. बुधवार देर शाम जारी तबादला सूची में जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम), प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक (बीपीएम), प्रखंड लेखा प्रबंधक सहित फिजियोथेरेपिस्ट और दंत सहायक तक के नाम शामिल हैं.
स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने के उद्देश्य से यह बदलाव किया गया है. तबादला सूची के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम के डीपीएम विनय कुमार को सरायकेला -खरसावां भेजा गया है, जबकि रामगढ़ जिले के विजय कुमार को पूर्वी सिंहभूम का नया डीपीएम नियुक्त किया गया है. इसके अलावा पटमदा के बीपीएम मनोरंजन सिंहा को रांची और धालभूमगढ़ के बीपीएम अभय कुमार को दुमका स्थानांतरित किया गया है.
लेखा प्रबंधकों के स्तर पर भी हुआ अहम बदलाव
पटमदा की लेखा प्रबंधक सुकदा मुर्मू को पश्चिमी सिंहभूम, पोटका के लेखा प्रबंधक मनोज कुमार को भी पश्चिमी सिंहभूम, गोलमुरी की लेखा प्रबंधक राखी कुमारी को बहरागोड़ा और बहरागोड़ा के श्यामा प्रसाद महापात्रा को गोलमुरी स्थानांतरित किया गया है.
इसके अलावा, कई अफसरों को पूर्वी सिंहभूम जिले में पदस्थापित किया गया है. पश्चिमी सिंहभूम से जुलयानी पिंगुआ, रामचंद्र महतो और फिजियोथेरेपिस्ट सालगे मारंडी को पूर्वी सिंहभूम लाया गया है.
वहीं, सरायकेला से सुशांत पाल को मुसाबनी, चाकुलिया से प्रणय कुमार को सरायकेला, डुमरिया से नरेंद्र कुमार को पश्चिमी सिंहभूम और दीपक चंद बिरुआ को पश्चिमी सिंहभूम से पटमदा भेजा गया है.
इसी तरह, दंत सहायक गौतम कुमार झा को सरायकेला से जुगसलाई स्थानांतरित किया गया है. जिले में हुए इस व्यापक फेरबदल को स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को मजबूती देने और योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
नई जिम्मेदारी संभालने के बाद संबंधित अधिकारी जल्द ही अपने-अपने क्षेत्रों में काम शुरू करेंगे. प्रशासन को उम्मीद है कि नई टीम के साथ जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच दोनों में सुधार होगा.
