
Chaibasa.रांची-चाईबासा मुख्य मार्ग (एनएच-75 ई) पर रविवार दोपहर बंदगांव घाटी में मनीला बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरकर पेड़ से टकरा गयी. कुछ यात्रियों को हल्की चोट लगी हैं. हादसा हिरणी फॉल्स के पास काडिंयाग गांव के समीप हुआ. बस में दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे. बताया जाता है कि बारिश के बीच तेज रफ्तार और तीखे मोड़ के कारण बस चालक नियंत्रण खो बैठा. हालांकि, बस सड़क किनारे एक पेड़ से टकराकर रुक गयी, जिससे बस पलटने से बच गयी और बड़ी दुर्घटना टल गयी.
हादसे के बाद बस में अफरातफरी मच गयी और यात्री घबरा गये. चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए सभी यात्रियों को शांत किया और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला. कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आयी है. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और यात्रियों की मदद की. सभी का सामान सुरक्षित निकाल लिया गया और दूसरी बस से उन्हें रांची भेजा गया.
