
Kathmandu.‘नागरिक युवा शक्ति नेपाल’ ने शनिवार को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुये आतंकवादी हमले के खिलाफ यहां पाकिस्तानी दूतावास के बाहर प्रदर्शन किया.इस हमले में 26 लोगों की मौत हो गयी थी. आतंकवादियों ने मंगलवार को दक्षिण कश्मीर के प्रमुख पर्यटन स्थल पहलगाम में पर्यटकों पर गोलीबारी की थी, जिसमें एक नेपाली पर्यटक समेत 26 लोगों की मौत हो गई थी.
कई युवक हाथों में तख्तियां और हमले में मारे गए 27 वर्षीय सुदीप न्यूपाने की तस्वीर लेकर आतंकवादियों को सजा दो’’ और हिंदुओं की हत्या बंद करो जैसे नारे लगा रहे थे. पश्चिमी नेपाल के बुटावल उप-महानगरीय शहर के न्यूपाने उन लोगों में शामिल थे, जो इस हमले में मारे गए. हमले की जिम्मेदारी ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ ने ली है. राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी ने भी हमले के खिलाफ शनिवार को यहां पाकिस्तानी दूतावास के बाहर प्रदर्शन किया.
