Site icon Lahar Chakra

META के CEO मार्क जुकरबर्ग ने PM मोदी का facebook पोस्ट कुछ समय के लिए हटाने पर माफी मांगी, पैसे लेकर खास content को बढ़ावा देने की बात स्वीकारी

New Delhi. मेटा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के फेसबुक पोस्ट को कुछ समय के लिए हटाने पर माफी मांगी है। सरकारी सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। फेसबुक पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का एक पोस्ट कुछ देर के लिए हटाए जाने के मामले में सरकार द्वारा हाल ही में समन जारी किए जाने के बाद कंपनी की वैश्विक टीम ने बुधवार को सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, इसके बाद मेटा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) मार्क जुकरबर्ग ने बाल शोषण सामग्री, डीपफेक और मंच के संचालन में हुई गलतियों के लिए माफी मांगी। सरकारी सूत्रों ने बताया कि मेटा के वैश्विक अधिकारियों से बृहस्पतिवार को पूछताछ के एक और दौर के लिए रुकने को कहा गया है।

बृहस्पतिवार को अश्विनी वैष्णव एक बार फिर कंपनी के वैश्विक अधिकारियों से मिलेंगे। इस बैठक में मेटा की तकनीकी टीम के अधिकारी भी शामिल होंगे। सरकारी सूत्रों ने बताया कि मेटा टीम को स्पष्ट कर दिया गया है कि वे ‘मध्यस्थ’ की परिभाषा के तहत नहीं आते हैं। हालांकि, मेटा अधिकारियों ने बैठक पर कोई टिप्पणी नहीं की। सूत्रों के मुताबिक, सोशल मीडिया मंच यह तय करता है कि सामग्री किसे मिलेगी, इसलिए आईटी अधिनियम (आईटी कानून) के तहत ‘सेफ हार्बर’ (सुरक्षित ठिकाना संरक्षण) का नियम उन पर लागू नहीं होता है।
उन्होंने बताया कि मेटा टीम ने स्वीकार किया कि एक विशेष प्रकार की सामग्री को बढ़ावा देने के लिए बहुत सारा पैसा दिया गया था। उन्होंने अपनी गलती के लिए माफी मांगी और खेद व्यक्त किया।

वैश्विक मामलों के अधिकारी जोएल कैपलन सहित मेटा टीम ने बुधवार को आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की और आईटी सचिव एस कृष्णन के साथ भी अलग से बैठक की।

यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा भारतीय युवाओं को संबोधित करने और पेपर लीक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का वादा करने वाले फेसबुक पोस्ट को मंच ने अस्थायी रूप से हटा दिया था, जिसके बाद सरकार ने मेटा के शीर्ष वैश्विक अधिकारियों को तलब किया था।

Exit mobile version