Site icon Lahar Chakra

Monsoon Active: कोल्हान समेत झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय, वज्रपात की चपेट में आने से दो महिलाएं समेत चार लोगों की मौत, आज और कल भी भारी बारिश और ठनका का अलर्ट

Ranchi. कोल्हान समेत झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। आज से राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। सुबह से ही अलग-अलग जिलों में हल्की बारिश जारी है। मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिमी और मध्य भागों में आज जोरदार वर्षा का अलर्ट जारी किया है। जबकि उत्तर-पूर्वी जिलों में भी कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान वज्रपात और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी दी गई है।

9 अगस्त को भी यही स्थिति बनी रहने की संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। विभाग ने लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है। आज पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, खूंटी, हजारीबाग, रांची, कोडरमा, चतरा, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, बोकारो और रामगढ़ जिलों में फ्लैश फ्लड की आशंका जताई गई है।

इधर,  झारखंड के दो जिलों में एक दिन पहले आकाशीय बिजली की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मरने वाले चार लोगों में से तीन हजारीबाग जिले से थे और एक व्यक्ति चतरा जिले से था।

Exit mobile version