Site icon Lahar Chakra

झारखंड में लो प्रेशर के कारण लौट रहा मॉनसून, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

Ranchi : झारखंड में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. राजधानी में मंगलवार सुबह हुई हल्की बारिश ने मौसम को ठंडा कर दिया, लेकिन कई जिलों में जलजमाव के कारण लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में झारखंड के कई हिस्सों में मूसलधार बारिश हो सकती है.

मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के मुताबिक, वर्तमान में राज्य के पश्चिमी हिस्से में एक लो प्रेशर एरिया सक्रिय है, जो धीरे-धीरे कमजोर होगा. लेकिन बंगाल की खाड़ी में दो दिनों के भीतर एक और नया लो प्रेशर सिस्टम बनने जा रहा है, जिसका असर झारखंड पर दिखाई देगा. इससे कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है.

26 अगस्त के लिए येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने 26 अगस्त को भारी बारिश की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है. यह अलर्ट रांची, गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम के लिए जारी किया गया है.

रांची, पाकुड़ और चतरा जैसे जिलों में हल्की बारिश के बाद भी जलभराव की समस्या बनी हुई है. कई जगहों पर सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे यातायात बाधित हो रहा है. रामगढ़ में बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा 38.4 मिमी बारिश दर्ज की गई. झारखंड के सात जिलों में अब तक सीजन की 1000 मिमी से अधिक बारिश हो चुकी है: राज्यभर में औसतन 972.7 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य से 32% ज्यादा है.

Exit mobile version