Site icon Lahar Chakra

Monsoon: दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे झारखंड में सक्रिय, 20 जून तक भारी बारिश, जलजमाव ने बढ़ायी परेशानी, लोगों से सतर्क रहने की अपील

Jamshedpur.दक्षिण-पश्चिम मानसून बुधवार को पूरे झारखंड में सक्रिय हो गया, जिससे व्यापक वर्षा हुई तथा 20 जून तक पूरे राज्य में बारिश जारी रहने की संभावना है. लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश ने बुधवार को भी लोगों को गर्मी से राहत दिलाई हालांकि निचले हिस्सों में बारिश का पानी जम जाने से लोगों को परेशानी हो रही है. लगातार बारिश की वजह से जमशेदपुर की सड़कों पर काफी जलजमाव हो गया. इससे वाहन चलाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. राज्य में मानसून ने मंगलवार को दस्तक दी थी, जिसका असर 24 में से 18 जिलों में देखा गया.

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया, मानसून बुधवार को लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, गढ़वा, पलामू और चतरा जैसे शेष जिलों में आगे बढ़ गया. झारखंड में एक जून से 17 जून तक 52 प्रतिशत कम वर्षा हुई थी. हालांकि, पिछले 24 घंटों में हुई ताजा बारिश के बाद एक जून से 18 जून तक सात प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई. राज्य में एक जून से 18 जून तक 74.9 मिमी की सामान्य वर्षा के मुकाबले 80.4 मिमी वर्षा हुई है, जिसमें लातेहार जिले में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई.

अधिकारी ने बताया कि गहरवा जिले में 61 प्रतिशत कम बारिश हुई, उसके बाद रामगढ़ (45 प्रतिशत कम) का स्थान रहा। झारखंड में मंगलवार से भारी बारिश हो रही है, आईएमडी ने 20 जून तक और अधिक बारिश होने का अनुमान लगाया है.

बुधवार के लिए बोकारो, धनबाद, रामगढ़, रांची, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम सहित कई जिलों के लिए ‘रेड’ अलर्ट (भारी से बेहद भारी बारिश) जारी किया गया है, जबकि बृहस्पतिवार के लिए रांची, खूंटी, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा के लिए भी यही चेतावनी जारी की गई है. जिला प्रशासन ने लोगों से निचले इलाकों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और जलभराव वाली सड़कों पर सावधानी बरतने का आग्रह किया है.

Exit mobile version