
Jamshedpur. मुसाबनी थाना क्षेत्र के पारुलिया टोला श्रीमतडीह गांव में डायन-बिसाही के शक में दो महिलाओं की हत्या कर दी गयी. दरअसल, 26 अप्रैल को सोमा बोदरा की बेटी की मौत हो गई थी. इसके बाद आरोपियों को शक हुआ कि गांव की ही दो महिलाओं पंगेला पूर्ति और चोको बोदरा ने जादू-टोना कर बच्ची की जान ली है. शक के आधार पर 14 मई की शाम सात बजे भोगला पूर्ति के घर के पास दोनों महिलाओं की गला दबाकर उनकी हत्या कर दी गयी. हत्या के बाद शवों को गांव से दूर गड्ढा खोदकर दफना दिया गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई और 19 मई को मामला दर्ज किया गया. इसके बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने दबे हुए शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम कराया है. हत्या के दौरान इस्तेमाल किए गए औजार भी घटनास्थल से बरामद कर लिए गए हैं. ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में डिबरू हांसदा, सोमा बोदरा, मागु हांसदा, चोटका बोदरा और सांडिल पूर्ति शामिल हैं. पूछताछ के दौरान इन सभी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है.
