Site icon Lahar Chakra

Mutual Fund: फरवरी में इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश आठ प्रतिशत बढ़कर 25,978 करोड़ रुपये पर

New Delhi. इक्विटी म्यूचुअल फंड योजनाओं में फरवरी के दौरान शुद्ध निवेश आठ प्रतिशत बढ़कर 25,978 करोड़ रुपये हो गया। उद्योग संगठन एम्फी ने मंगलवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी।
इस निवेश के साथ ही म्यूचुअल फंड उद्योग की कुल प्रबंधनाधीन परिसंपत्तियां (एयूएम) फरवरी महीने में बढ़कर 82 लाख करोड़ रुपये हो गईं। जनवरी में इसका एयूएम 81 लाख करोड़ रुपये था।
‘एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड इन इंडिया’ (एम्फी) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी वेंकट एन चलसानी ने कहा कि इक्विटी योजनाओं में सकारात्मक प्रवाह भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर सहमति बनने के कारण बढ़े निवेशक भरोसे का नतीजा हो सकता है। उन्होंने कहा कि अमेरिका, इजराइल और ईरान से जुड़े पश्चिम एशिया के बढ़ते संघर्ष के कारण इस महीने म्यूचुअल फंड बाजार में कुछ अस्थिरता देखी जा सकती है, लेकिन भारत की दीर्घकालिक वृद्धि की कहानी मजबूत बनी रहेगी।

आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी में इक्विटी योजनाओं में 24,028 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश हुआ था, जो फरवरी में बढ़कर 25,978 करोड़ रुपये हो गया। इक्विटी श्रेणी में फ्लेक्सी कैप फंड में सबसे अधिक 6,924.65 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश आया। इसके बाद मिडकैप फंड में 4,003 करोड़ रुपये और स्मॉलकैप फंड में 3,881 करोड़ रुपये का निवेश हुआ। कुल मिलाकर, म्यूचुअल फंड उद्योग में फरवरी के दौरान 94,530 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश आया, जो जनवरी में दर्ज 1.56 लाख करोड़ रुपये से कम है।

Exit mobile version