Site icon Lahar Chakra

Myanmar Earthquake: मृतकों की संख्या 1,000 के पार पहुंची, भारत ने सी-130जे सैन्य परिवहन विमान से भेजी राहत सामग्री

Bangkok.म्यांमा में आए 7.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप में मरने वालों की संख्या शनिवार को बढ़कर 1,000 के पार पहुंच गई। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी. भूकंप के कारण क्षतिग्रस्त हुईं कई इमारतों के मलबे से और शव निकाले जा रहे हैं, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है.सेना के नेतृत्व वाली सरकार की ओर से जारी एक बयान के अनुसार भूकंप के कारण अब तक 1,002 लोगों की मौत हो चुकी है तथा 2,376 अन्य लोग घायल हुए हैं. इसके अलावा 30 लोग लापता बताए जा रहे हैं. बयान में कहा गया है कि मृतकों की संख्या के बढ़ने की आशंका है तथा भूकंप से जुड़े विस्तृत आंकड़े अब भी एकत्र किए जा रहे हैं.

शुक्रवार को आए भूकंप का केंद्र म्यांमा के दूसरे सबसे बड़े शहर मांडले से ज्यादा दूर नहीं था. भूकंप के कारण कई इलाकों में इमारतें ढह गईं और व्यापक क्षति हुई है. म्यांमा लंबे समय से चल रहे खूनी गृहयुद्ध की चपेट में है, और वहां पहले से ही एक बड़ा मानवीय संकट बना हुआ है. भूकंप के कारण म्यांमा में राहत एवं बचाव कार्यों को चलाना भी काफी मुश्किल हो रहा है.

भारत ने 15 टन राहत सामग्री भेजी

भारत ने भूकंप प्रभावित म्यांमा के लोगों के लिए शनिवार को सैन्य विमान से लगभग 15 टन राहत सामग्री भेजी. अधिकारियों ने बताया कि भारतीय वायुसेना के सी-130जे सैन्य परिवहन विमान से यह राहत सामाग्री यांगून भेजी गयी. अधिकारियों ने बताया कि इन राहत सामग्रियों में ‘टेंट’, ‘स्लीपिंग बैग’, कंबल, खाने के पैकेट, पानी शुद्धिकरण उपकरण, सोलर लैंप, ‘जनरेटर सेट’ और आवश्यक दवाएं शामिल हैं.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को म्यांमा और थाईलैंड में भीषण भूंकप के कारण उत्पन्न स्थिति पर चिंता जताई और कहा कि इस घड़ी में भारत दोनों देशों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है. उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘म्यांमा और थाईलैंड में भूकंप के मद्देनजर पैदा हुई स्थिति से चिंतित हूं. सभी की सुरक्षा और भलाई के लिए प्रार्थना करता हूं.

भारत हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है. उन्होंने कहा कि इस संबंध में भारतीय अधिकारियों को तैयार रहने के लिए कहा गया है और विदेश मंत्रालय से म्यांमार और थाईलैंड की सरकारों के संपर्क में रहने को भी कहा गया है.

Exit mobile version