
जमशेदपुर। शहर की धार्मिक संस्था नारायणी सेवा ट्रस्ट की ओर से भाद्रपद अमावस्या के पावन अवसर पर सोनारी सीएच एरिया स्थित नारायणी धाम (भूतनाथ मंदिर परिसर) में श्री राणी सती दादीजी का महामंगलपाठ महोत्सव आयोजित किया जाएगा।
धार्मिक आयोजन शुक्रवार, 11 सितंबर को होगा। कार्यक्रम को लेकर ट्रस्ट की ओर से तैयारियां पूरी की जा रही हैं और श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
सुबह 7 बजे से शुरू होगी पूजा
ट्रस्ट के अनुसार दादीजी की धोक एवं जात पूजा सुबह 7 बजे से शुरू होगी। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे से महामंगलपाठ का शुभारंभ किया जाएगा।
महामंगलपाठ के वाचन एवं प्रस्तुति के लिए जयपुर से रविश-सोनम सोनी को आमंत्रित किया गया है। श्रद्धालु उनके द्वारा प्रस्तुत मंगलपाठ में शामिल होकर दादीजी की आराधना करेंगे।
गजरा और चुनरी उत्सव रहेगा विशेष आकर्षण
महामंगलपाठ महोत्सव के दौरान विशेष रूप से गजरा महोत्सव और चुनरी उत्सव का भी आयोजन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार धार्मिक अनुष्ठान के साथ ये दोनों आयोजन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
ट्रस्ट की ओर से राजकुमार चंदूका एवं कैलाश सरायवाला ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए शहर के सभी श्रद्धालु भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में नारायणी धाम पहुंचने की अपील की है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से महामंगलपाठ में शामिल होकर श्री राणी सती दादीजी का अलौकिक आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया।
