Site icon Lahar Chakra

Naxal Encounter: सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में ₹25 लाख का इनामी कुंवर मांझी समेण दो नक्सली ढ़ेर, कोबरा का जवान शहीद, एके-47 राइफल भी बरामद

Bokaro.बोकारो जिले में एक बार फिर नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई है. यह मुठभेड़ बुधवार की सुबह गोमिया थाना क्षेत्र के बिरहोरड़ेरा के घने जंगलों में उस समय हुई जब पुलिस और कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर सर्च ऑपरेशन के लिए निकली थी. जैसे ही सुरक्षाबलों की टीम जंगल के भीतर पहुंची, घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने अचानक उन पर फायरिंग शुरू कर दी. नक्सलियों की ओर से हो रही ताबड़तोड़ गोलीबारी के जवाब में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की. दोनों ओर से कई घंटों तक गोलियों की बौछार होती रही.

इस भीषण मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी. सुरक्षाबलों ने दो नक्सलियों को मार गिराया मारे गए नक्सलियों में एक की पहचान कुख्यात नक्सली कुंवर मांझी के रूप में हुई है, जिस पर 25 लाख रुपए का इनाम घोषित था. दूसरा मारा गया नक्सली भी संगठन का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है, हालांकि उसकी पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है.

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मारे गए नक्सलियों में से एक वर्दी पहने हुए था, जबकि दूसरा सामान्य कपड़ों में था। सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से एक एके-47 राइफल भी बरामद की है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह नक्सली दस्ते की योजना बड़ी कार्रवाई की थी.

कोबरा बटालियन का जवान शहीद
हालांकि, इस मुठभेड़ में कोबरा-209 बटालियन को भी एक बड़ी क्षति उठानी पड़ी. मुठभेड़ के दौरान यूनिट का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया था. उसे तुरंत इलाज के लिए बाहर निकालने की कोशिश की गई, लेकिन रास्ते में ही शहीद हो गया. शहीद जवान की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.

इलाके में फिलहाल हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है. सुरक्षाबलों द्वारा पूरे जंगल क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. नक्सलियों के अन्य साथियों की खोज के लिए अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं.

Exit mobile version