
चक्रधरपुर. रेलखंड में रविवार की सुबह नक्सली विस्फोट में एक ट्रैकमैन की मौत हो गयी, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया है. घटना ओडिशा-झारखंड बॉर्डर क्षेत्र में उस समय हुई जब नक्सली बंद के दौरान दो रेलकर्मी एतवा ओराम (58) और बुधराम मुंडा पटरी की पेट्रोलिंग कर रहे थे. इसी दौरान नक्सलियों द्वारा बिछाया गया बम तेज धमाके के साथ फट गया.
घटना के बाद घायल अवस्था में दोनों को बंडामुंडा रेलवे अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद एतवा ओराम को मृत घोषित कर दिया. बुधराम को बेहतर इलाज के लिए राउरकेला रेफर किया गया है. फिलहाल उनका इलाज चल रहा है.
बताया जा रहा है कि नक्सली पहले ही लाल बैनर लगाकर इलाके में अपनी मौजूदगी दर्ज करा चुके थे और सुबह एक और विस्फोट कर पटरी उड़ा दी थी, बावजूद इसके आरपीएफ द्वारा ट्रैक की समुचित जांच किए बिना कर्मियों को पेट्रोलिंग पर भेजा गया. इस लापरवाही को लेकर रेलवे प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं. दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस कांग्रेस के मंडल संयोजक शशि मिश्रा ने इसे गंभीर चूक बताते हुए रेलकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.
