
Jamshedpur.राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने 21 जून को आयोजित नीट यूजी-2026 की पुनः परीक्षा की प्रोविजनल आंसर-की और चारों सेटों के प्रश्न पत्र आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही अभ्यर्थियों को उत्तरों पर ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराने का अवसर भी दिया गया है। उम्मीदवार 25 जून से 28 जून 2026 की रात 11:50 बजे तक अपनी चुनौती ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। एनटीए के अनुसार प्रत्येक प्रश्न पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 200 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। शुल्क का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग के माध्यम से 28 जून की रात 11:50 बजे तक किया जा सकता है। यदि विषय विशेषज्ञों की समिति किसी चुनौती को सही पाती है, तो संबंधित अभ्यर्थी का शुल्क वापस कर दिया जाएगा।
एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवार केवल उसी प्रश्न पत्र के सीरीज कोड के आधार पर चुनौती दर्ज करें, जो उन्हें परीक्षा के दौरान आवंटित किया गया था। यदि किसी एक सीरीज में किसी प्रश्न पर दर्ज आपत्ति स्वीकार होती है, तो उसका लाभ सभी चारों सेटों के अभ्यर्थियों को समान रूप से मिलेगा
