Site icon Lahar Chakra

झारखंड हाई कोर्ट के नए चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान पहुंचे रांची, कल लेंगे शपथ

Ranchi : झारखंड हाई कोर्ट के नवनियुक्त चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान मंगलवार को विमान से रांची पहुंचे. बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर हाई कोर्ट के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया.

राजभवन में 23 जुलाई की सुबह 10 बजे शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया है. राज्यपाल संतोष गंगवार चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे. जस्टिस चौहान के शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए उनके रिश्तेदार रांची आने लगे हैं. लगभग 50 से 60 रिश्तेदार समारोह में शामिल होंगे. उन्हें अलग-अलग होटल और स्टेट गेस्ट हाउस में ठहराने की व्यवस्था की गयी है.

कौन हैं जस्टिस तरलोक सिंह चौहान?

झारखंड हाईकोर्ट के नवनियुक्त चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस के बाद सबसे सीनियर जज थे. उन्होंने शिमला से स्कूली शिक्षा प्राप्त की है. पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ से कानून की पढ़ाई की है. जस्टिस तरलोक सिंह चौहान ने 1989 में हिमाचल प्रदेश स्टेट बार काउंसिल में एडवोकेट के तौर पर दाखिला लिया था. वर्ष 2014 में उन्हें हाईकोर्ट के अतिरिक्त जज के तौर पर पदोन्नत किया गया था. उसी साल उन्हें स्थायी न्यायाधीश भी नियुक्त किया गया था.

गौरतलब है कि वर्तमान में झारखंड हाई कोर्ट में वरिष्ठ जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद एक्टिंग चीफ जस्टिस के रूप में कार्यभार संभाल रहे हैं. उन्होंने पूर्व चीफ जस्टिस एमएस रामचंद्र राव के त्रिपुरा ट्रांसफर के बाद यह जिम्मेदारी संभाली थी.

Exit mobile version