Site icon Lahar Chakra

NH 33 Accident: टाटा-रांची हाईवे पर तीन ट्रकों की भीषण भिड़ंत,छह घंटे तक केबिन में फंसा रहा घायल ड्राइवर

Jamshedpur. टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर तमाड़ थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात करीब दो बजे एक भीषण सड़क हादसा पेश आया, जहाँ तीन ट्रकों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो ट्रकों के केबिन बुरी तरह चकनाचूर हो गए। हादसे में एक चालक छह घंटे तक लोहे के मलबे में तड़पता रहा, जिसे बुधवार सुबह आठ बजे कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जमशेदपुर से रांची की ओर जा रहे एक ट्रक को पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इसी दौरान पीछे से आ रहा एक तीसरा ट्रक भी सीधे आकर टकरा गया।

टक्कर से दो ट्रकों के केबिन पिचक गए और दोनों चालक स्टीयरिंग व सीटों के बीच दब गए। स्थानीय लोगों की मदद से एक चालक को तुरंत सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन दूसरा चालक लोहे की चादरों में फंसा रहा। पर्याप्त कटर और आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों की कमी के कारण राहत कार्य में देरी हुई। अंततः सुबह गैस कटर से केबिन काटकर उसे गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया।

दुर्घटना के बाद ‘गोल्डन आवर’ (हादसे के बाद का पहला घंटा) में त्वरित सहायता न मिलना एनएचएआई और स्थानीय प्रशासन की लचर व्यवस्था को दर्शाता है। रात दो बजे हुए हादसे में भारी मशीनरी और बचाव दल को सक्रिय होने में छह घंटे लगने से स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। पुलिस ने तीनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और हाईवे पर यातायात को सुचारू कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version