Site icon Lahar Chakra

NH 33 Accident: टाटा-रांची हाईवे पर हादसा! तैमारा घाटी में आग के गोले में तब्दील हुआ ट्रक, जमशेदपुर से जा रहा थारांची की ओर, बाल बाल बचे चालक और खलासी

Jamshedpur. राजधानी रांची से सटे दशम फॉल थाना क्षेत्र में एनएच-33 यानी रांची-टाटा मार्ग पर सोमवार को तैमारा घाटी के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़े एक खाली ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा ट्रक आग के गोले में तब्दील हो गया. घटना के दौरान हाईवे पर गुजर रहे वाहन चालकों के बीच भी दहशत का माहौल बन गया.

आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में ट्रक का केबिन और बॉडी पूरी तरह आग की चपेट में आ गए. आसपास के इलाके में धुएं का गुबार फैल गया, जिससे कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने की कोशिश में जुट गए, लेकिन आग की तीव्रता के कारण उस पर काबू पाना संभव नहीं हो सका

खाना खाने उतरे थे चालक-खलासी, तभी जलने लगा ट्रक
दशम फॉल थाना प्रभारी प्रशांत गौरव ने बताया कि ट्रक संख्या UP66T-7192 जमशेदपुर से रांची की ओर आ रहा था. तैमारा घाटी स्थित एक लाइन होटल के पास चालक और खलासी वाहन खड़ा कर भोजन करने के लिए नीचे उतरे थे. इसी दौरान ट्रक के केबिन से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया. जब तक चालक और स्थानीय लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग ने तेजी से पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और ट्रक जलने लगा.

राहत की बात यह रही कि घटना के समय ट्रक खाली था. चालक तथा खलासी वाहन से बाहर थे, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. समय रहते चालक और खलासी के वाहन से दूर होने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि लंबी दूरी के दौरान वाहनों की नियमित जांच कराते रहें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.

Exit mobile version