Site icon Lahar Chakra

NHAI Toll Tax: एक अप्रैल से महंगा होगा हाईवे पर सफर, जमशेदपुर-रांची रूट पर भी बढ़ा टोल टैक्स

Jamshedpur. एक अप्रैल से राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा करना महंगा हो जाएगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने देशभर में टोल दरों में बढ़ोतरी का निर्णय लिया है। नई दरें लागू होने के बाद रांची-जमशेदपुर हाईवे पर भी वाहन चालकों को अधिक शुल्क चुकाना होगा। एनएचएआई के अनुसार, टोल दरों में करीब 3 प्रतिशत से 7 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई है। कई टोल प्लाजा पर यह बढ़ोतरी औसतन 5 प्रतिशत के आसपास है। इसका सीधा असर आम यात्रियों से लेकर व्यावसायिक वाहनों तक पर पड़ेगा। रांची-जमशेदपुर मार्ग पर चलने वाली कार, जीप और वैन के लिए टोल शुल्क 120 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये कर दिया गया है।

वहीं अन्य वाहन श्रेणियों जैसे बस, ट्रक और मल्टी एक्सल वाहनों के लिए भी दरों में वृद्धि लागू होगी। एनएचएआई की ओर से हर साल टोल दरों की समीक्षा की जाती है और महंगाई दर सहित अन्य कारकों को ध्यान में रखते हुए संशोधन किया जाता है। इस बार की बढ़ोतरी भी उसी प्रक्रिया के तहत लागू की जा रही है।

एदलहातु टोल प्लाजा की नई दरें
एदलहातु टोल प्लाजा पर कार, जीप और वैन के लिए एक तरफ का शुल्क 125 रुपये और एक दिन में वापसी के लिए 185 रुपये निर्धारित किया गया है। हल्के वाणिज्यिक वाहनों (LCV) के लिए 200 रुपये (सिंगल) और 300 रुपये (रिटर्न) तय किए गए हैं। दो एक्सल बस और ट्रक के लिए 415 रुपये (सिंगल) और 525 रुपये (रिटर्न) देना होगा।
तीन एक्सल वाहनों के लिए 455 और 580 रुपये, जबकि 4 से 8 एक्सल वाहनों के लिए 650 और 980 रुपये निर्धारित किए गए हैं।
मल्टी एक्सल वाहनों के लिए यह दर 795 रुपये (सिंगल) और 1,190 रुपये (रिटर्न) होगी।

कोकपाड़ा टोल प्लाजा की दरें
कोकपाड़ा टोल प्लाजा पर दरें एदलहातु की तुलना में कुछ कम रखी गई हैं। कार, जीप और वैन के लिए 110 रुपये (सिंगल) और 165 रुपये (रिटर्न) तय किए गए हैं। एलसीवी के लिए 180 और 270 रुपये, जबकि बस और ट्रक (2 एक्सल) के लिए 375 और 565 रुपये शुल्क निर्धारित है। तीन एक्सल वाहनों के लिए 410 और 615 रुपये, 4 से 8 एक्सल के लिए 590 और 885 रुपये तथा मल्टी एक्सल वाहनों के लिए 720 और 1,080 रुपये शुल्क तय किया गया है।

Exit mobile version