Site icon Lahar Chakra

NIA को मिला पहलगाम आतंकी हमला की जांच का जिम्मा, आदेश जारी, बालेश्वर पहुंची जांच टीम, हमले में मारे गये सत्पथी की पत्नी प्रियदर्शनी आचार्य का बयान दर्ज किया

New Delhi. जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की जांच अब केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) को सौंप दी है. इसके लेकर गृह मंत्रालय ने आदेश जारी कर दिया है. हालांकि एनआइए आतंकी हमले के बाद से इस मामले में सक्रिय है और अब आधिकारिक आदेश के बाद आतंकी हमले की गहन और व्यापक जांच की होगी. इधर, राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण की तीन सदस्यीय टीम ने शनिवार को पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे सीआईपीईटी कर्मचारी प्रशांत सत्पथी की पत्नी प्रियदर्शनी आचार्य का बयान दर्ज किया. एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी. मृतक के परिवार के सदस्यों ने बताया कि एनआईए की टीम पूर्वाह्न करीब 11 बजे बालासोर जिले के रेमुना ब्लॉक में स्थित सत्पथी के पैतृक गांव इशानी पहुंची और अपनी जांच अपराह्न तीन बजे तक जारी रखी. उन्होंने कहा कि आचार्य का बयान जांच के लिए ‘महत्वपूर्ण’ है, क्योंकि वह और उनका नौ वर्षीय बेटा तनुज मंगलवार को निर्दोष लोगों की हत्या के प्रत्यक्षदर्शी थे.

एक अधिकारी ने बताया कि आचार्य का बयान दर्ज करने के दौरान मृतक के परिवार के अन्य सदस्यों को उस कमरे में जाने की इजाजत नहीं दी गई जहां एनआईए टीम पूछताछ कर रही थी. एनआईए टीम ने इस पूरे मामले पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. प्रशांत की मां ने कहा कि परिवार के सदस्यों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. मृतक की मां कहा कि परिवार ने एनआईए टीम के साथ सहयोग किया.बालासोर स्थित सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (सीआईपीईटी)में कार्यरत प्रशांत (41) अपनी पत्नी और बेटे के साथ छुट्टियां मनाने जम्मू- कश्मीर गए थे.

Exit mobile version