उपग्रहों की मरम्मत और अंतरिक्ष अभियानों में उपयोगी होगा शोध; फ्री-फ्लोटिंग स्पेस रोबोट की गति, नियंत्रण और कार्यक्षमता का किया अध्ययन
जमशेदपुर, 10 नवंबर। अंतरिक्ष में रोबोट की कार्यक्षमता और सटीकता बढ़ाने की दिशा में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर ने महत्वपूर्ण शोध उपलब्धि हासिल की है। संस्थान के यांत्रिक अभियांत्रिकी विभाग के शोधार्थी कुमार अभिषेक को उनके शोध कार्य “Dynamic Behaviour Analysis of Free-Floating Space Robot” के लिए पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई है।
उनका शोध ऐसे रोबोटों के गतिशील व्यवहार के अध्ययन पर केंद्रित है, जो अंतरिक्ष में किसी स्थिर आधार के बिना स्वतंत्र रूप से कार्य करते हैं। भविष्य में इस तकनीक का इस्तेमाल उपग्रहों की मरम्मत, अंतरिक्ष में उपकरणों के रखरखाव और जटिल अंतरिक्ष अभियानों में किया जा सकता है।
अंतरिक्ष रोबोट की गति और सटीकता पर अध्ययन
शोध में तीन प्रमुख पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। पहला, रोबोट की गति और कार्य-पथ को इस तरह बेहतर बनाना, जिससे वह कम समय में अधिक सटीकता के साथ अपने लक्ष्य तक पहुंच सके। दूसरा, रोबोट के विभिन्न जोड़ों (जॉइंट्स) और पुर्जों में मौजूद सूक्ष्म खाली जगह तथा गियर की ढील के कारण उत्पन्न होने वाली त्रुटियों का अध्ययन करना।
तीसरा, स्थिर आधार पर काम करने वाले रोबोट और अंतरिक्ष में स्वतंत्र रूप से तैरने वाले रोबोट की कार्यक्षमता एवं सटीकता की तुलना करना है।
शोध में यह भी सामने आया कि अंतरिक्ष में रोबोट की सटीकता केवल उसके पुर्जों की गुणवत्ता पर निर्भर नहीं करती। रोबोट की अपनी गति के कारण अंतरिक्ष यान या उसके आधार में पैदा होने वाली हलचल भी उसके काम को प्रभावित कर सकती है। ऐसे में रोबोट की गति, स्थिति और नियंत्रण प्रणाली को बेहतर बनाना बेहद महत्वपूर्ण है।
औद्योगिक और चिकित्सा रोबोटिक्स में भी उपयोगी
इस शोध के निष्कर्ष अंतरिक्ष रोबोटिक्स के अलावा औद्योगिक स्वचालन और चिकित्सा रोबोटिक्स जैसे क्षेत्रों में भी उपयोगी हो सकते हैं। इससे भविष्य में अधिक सटीक और प्रभावी रोबोटिक प्रणालियों के विकास का रास्ता खुल सकता है।
शोध का बाह्य मूल्यांकन आईआईटी पलक्कड़, केरल के सेंटर ऑफ रोबोटिक्स के प्रोफेसर संथाकुमार मोहन ने किया। उन्होंने शोध की तकनीकी गुणवत्ता और वैज्ञानिक योगदान की सराहना की।
डॉ. विजय कुमार डल्ला के निर्देशन में पूरा हुआ शोध
यह शोध एनआईटी जमशेदपुर के यांत्रिक अभियांत्रिकी विभाग के शोध निर्देशक डॉ. विजय कुमार डल्ला के मार्गदर्शन में पूरा हुआ। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो. संजय, प्रो. आर. वी. शर्मा सहित विभाग के कई वरिष्ठ प्रोफेसर और संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
कुमार अभिषेक की यह उपलब्धि एनआईटी जमशेदपुर में उन्नत तकनीकी अनुसंधान, नवाचार और अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़े शोध कार्यों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
