Site icon Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS: एनआईटी जमशेदपुर में RTRAM 2026 बूटकैंप शुरू, आरएफ सर्किट और एंटीना तकनीक पर विशेषज्ञ देंगे प्रशिक्षण

जमशेदपुर,। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर में बुधवार को आरएफ सर्किट, एंटीना एवं मेटासर्फेस जैसे उभरते तकनीकी क्षेत्रों में अनुसंधान क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से पांच दिवसीय बूटकैंप Recent Trends on RF Circuits, Antennas and Metasurfaces (RTRAM 2026) का शुभारंभ हुआ। 18 से 22 नवंबर तक आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न तकनीकी संस्थानों के विशेषज्ञ शोधार्थियों और विद्यार्थियों को अनुसंधान से लेकर शोध-पत्र लेखन एवं प्रकाशन तक की जानकारी देंगे।

कार्यक्रम का उद्घाटन अपराह्न 3:30 बजे दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में SSSMehta Industries Ltd. के होल-टाइम डायरेक्टर और Eastern Solaris Energy Pvt. Ltd. के डायरेक्टर सुमित कुमार मेहता उपस्थित रहे। इस अवसर पर एनआईटी जमशेदपुर के प्रभारी निदेशक प्रो. संजय, डीन (रिसर्च एंड कंसल्टेंसी) प्रो. सतीश कुमार, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी (ECE) विभागाध्यक्ष डॉ. अखिलेश कुमार सहित कई शिक्षाविद और विशेषज्ञ मौजूद रहे।

उद्योग और शिक्षण संस्थानों के सहयोग पर जोर

मुख्य अतिथि सुमित कुमार मेहता ने अपने संबोधन में उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर तालमेल की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह बूटकैंप विद्यार्थियों और शोधार्थियों को अनुसंधान समस्या की पहचान, शोध-पत्र लेखन, प्रकाशन और शोध परिणामों के प्रभावी प्रसार तक मार्गदर्शन देने का महत्वपूर्ण मंच है। उनके अनुसार, इस तरह की पहल अकादमिक अनुसंधान और औद्योगिक जरूरतों के बीच मजबूत सेतु बनाने में मददगार साबित हो सकती है।

प्रभारी निदेशक प्रो. संजय ने वर्तमान तकनीकी परिदृश्य में अंतर्विषयक अनुसंधान के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न तकनीकी क्षेत्रों के समन्वय से ही भविष्य की जटिल समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है। वहीं, प्रो. सतीश कुमार ने संस्थान के रिसर्च एंड कंसल्टेंसी डिवीजन की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी।

एंटीना डिजाइन से शोध-पत्र लेखन तक मिलेगा प्रशिक्षण

बूटकैंप का उद्देश्य शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों की अनुसंधान तथा शोध-पत्र प्रकाशन संबंधी क्षमताओं को विकसित करना है। इसके तहत उन्नत एंटीना डिजाइन, आरएफ सर्किट, मेटामटेरियल, मेटासर्फेस, फ्रीक्वेंसी सेलेक्टिव सरफेस, इलेक्ट्रोमैग्नेटिक सिमुलेशन और माइक्रोवेव मापन तकनीक जैसे विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

इसके अलावा प्रतिभागियों को LaTeX आधारित शोध-पत्र लेखन और संदर्भ प्रबंधन की जानकारी भी दी जाएगी। कार्यक्रम में आईआईटी, एनआईटी, आईआईईएसटी शिबपुर, कलकत्ता विश्वविद्यालय और SAMEER कोलकाता सहित प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञ योगदान दे रहे हैं।

विभिन्न संस्थानों के 30 प्रतिभागी शामिल

कार्यक्रम में विभिन्न तकनीकी संस्थानों से आए लगभग 30 प्रतिभागियों के अलावा एनआईटी जमशेदपुर के ECE विभाग के स्नातकोत्तर विद्यार्थी, शोधार्थी और संकाय सदस्य शामिल हुए। IIEST शिबपुर के प्रो. सुसांत कुमार पारुई मुख्य वक्ता और SAMEER कोलकाता के डॉ. सत्यजीत चक्रवर्ती विशिष्ट वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सुरजीत कुंडू ने धन्यवाद ज्ञापन किया और संस्थान के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार के सहयोग एवं मार्गदर्शन के प्रति आभार जताया।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ। आयोजकों को उम्मीद है कि RTRAM 2026 से आरएफ इंजीनियरिंग, एंटीना और मेटासर्फेस के क्षेत्र में अनुसंधान सहयोग, नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शोध प्रकाशन को प्रोत्साहन मिलेगा।

Exit mobile version