
Jamshedpur.भारत को क्रिटिकल मिनरल्स (महत्वपूर्ण खनिजों) के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए एनएमएल जमशेदपुर तकनीक विकसित करेगा। एनएमएल ने इसके लिए साइमन इंडिया लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया है। इस एमओयू के तहत अब एनएमएल औद्योगिक कचरे से रेयर अर्थ एलिमेंट्स (दुर्लभ पृथ्वी तत्वों) को निकालने की तकनीक विकसित करने के लिए शोध करेगा और प्रयोगशाला स्तर की तकनीक तैयार कर उसे औद्योगिक प्रोडक्शन के स्तर पर बड़े पैमाने पर लागू करेगा।
इस संयुक्त प्रोजेक्ट में सीएसआईआर-एनएमएल अनुसंधान और प्रक्रिया नवाचार का जिम्मा संभालेगा, वहीं साइमन इंडिया इंजीनियरिंग कंपनी समाधान और डिजाइनिंग के जरिए इसके विस्तार में मदद करेगी। गौरतलब है कि स्वच्छ ऊर्जा, इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबिलिटी और उन्नत विनिर्माण जैसे भविष्य के प्रमुख क्षेत्रों के लिए रेयर अर्थ एलिमेंट्स बेहद महत्वपूर्ण माने जाते हैं। वर्तमान में वैश्विक स्तर पर इन संसाधनों की आपूर्ति कुछ ही देशों पर केंद्रित है, जिसके चलते भारत के लिए घरेलू स्तर पर इनका विकास करना रणनीतिक रूप से बेहद जरूरी है。
