New Delhi. टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल एन टाटा आभूषण एवं घड़ी बनाने वाली प्रमुख टाइटन कंपनी लिमिटेड के निदेशक एवं वाइस चेयरमैन पद से 12 नवंबर, 2026 को हट जाएंगे। यह कदम टाटा समूह के संचालन संबंधी दिशानिर्देशों के तहत समूह की कई कंपनियों के निदेशक मंडल से नोएल टाटा (69) के हटने की प्रक्रिया का हिस्सा है।
टाइटन ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा, ‘‘हम सूचित करना चाहते हैं कि टाटा समूह के संचालन संबंधी दिशानिर्देशों के अनुरूप नोएल एन. टाटा 12 नवंबर, 2026 से कंपनी के गैर-कार्यकारी, गैर-स्वतंत्र निदेशक एवं वाइस चेयरमैन के पद से सेवानिवृत्त होंगे।’’ टाटा संस की सबसे बड़ी शेयरधारक टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा 12 नवंबर को 70 वर्ष के हो जाएंगे। कंपनी अधिनियम, 2013 के तहत 70 वर्ष या उससे अधिक आयु का व्यक्ति प्रबंध निदेशक या पूर्णकालिक निदेशक के रूप में नियुक्त नहीं किया जा सकता है और न ही इस पद पर बना रह सकता है।
नोएल टाटा इससे पहले टाटा समूह की कई अन्य कंपनियों के निदेशक मंडल से भी हट चुके हैं। इनमें ट्रेंट, वोल्टास, टाटा स्टील, टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन और टाटा इंटरनेशनल शामिल हैं।
