Site icon Lahar Chakra

NTA NEET Exam cancelled: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने ‘नीट यूजी 2026’ परीक्षा रद्द की, प्रश्न पत्र लीक की CBI करेगी जांच

New Delhi. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने तीन मई को आयोजित मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट-यूजी-2026’ को मंगलवार को रद्द करने की घोषणा की और कहा कि यह परीक्षा अलग से अधिसूचित तिथियों पर पुनः आयोजित की जायेगी। उसने कहा कि परीक्षा से संबंधित अनियमितताओं के आरोपों की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा विस्तृत जांच की जाएगी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने एक बयान में कहा कि यह निर्णय पारदर्शिता बनाए रखने और राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली में विश्वास को बरकरार रखने के हित में लिया गया है।
उसने कहा, ‘‘केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर एनटीए द्वारा तथ्यों को परखे जाने और कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा साझा की गई जांच संबंधी जानकारी के आधार पर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने तीन मई 2026 को आयोजित नीट (यूजी) 2026 परीक्षा को भारत सरकार की मंजूरी से रद्द करने और परीक्षा को अलग से अधिसूचित तिथियों पर पुनः आयोजित करने का निर्णय लिया है।’’

एजेंसी ने कहा कि प्राप्त सूचनाओं और कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा साझा किए गए निष्कर्षों के आधार पर यह स्पष्ट हो गया है कि ‘वर्तमान परीक्षा प्रक्रिया को जारी रखना उचित नहीं है।’ उसने कहा, ‘‘पुनः होने वाली परीक्षा की तिथियां और उनके लिए जारी किये जाने वाले प्रवेश पत्र की समय-सारणी अगले कुछ दिनों में एजेंसी के आधिकारिक माध्यमों से सूचित की जाएगी।’’

एनटीए ने कहा कि सरकार ने परीक्षा से जुड़े आरोपों की व्यापक जांच के लिए मामले को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो को सौंपने का फैसला किया है।
उसने कहा, ‘‘एनटीए सीबीआई को पूरा सहयोग देगी और जांच के लिए आवश्यक सभी सामग्री, रिकॉर्ड और सहायता प्रदान करेगी।’’
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) का आयोजन एनटीए द्वारा तीन मई को स्नातक स्तर पर चिकित्सा शिक्षा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए किया गया था।

एनटीए ने रविवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट किया था कि प्रश्न पत्रों को ‘जीपीएस-ट्रैकिंग’ वाले वाहनों में ले जाया गया था, जिन पर विशिष्ट, ‘ट्रेस’ करने योग्य ‘वॉटरमार्क’ लगे थे, जबकि परीक्षा केंद्रों की निगरानी एक केंद्रीय नियंत्रण कक्ष से एआई-सहायता प्राप्त सीसीटीवी निगरानी के माध्यम से की गई थी।

उसने कहा था, ‘‘राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को नीट (यूजी) 2026 से संबंधित कथित अनियमितताओं के संबंध में राजस्थान विशेष अभियान समूह द्वारा शुरू की गई कार्रवाई की जानकारी है। तीन मई, 2026 को परीक्षा निर्धारित समय पर और पूर्ण सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत आयोजित की गई थी।’’

एजेंसी के अनुसार, कथित अनियमितताओं से संबंधित सूचनाएं परीक्षा के चार दिन बाद सात मई की शाम को प्राप्त हुईं जिसे आठ मई की सुबह ‘स्वतंत्र सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई’ के लिए केंद्रीय एजेंसियों को भेज दिया गया। उसने कहा कि हालिया गिरफ्तारियों की खबर समेत कानून प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा की गई कार्रवाई जांच एजेंसियों के ‘पेशेवर और समयबद्ध कार्य’ का परिणाम है।

Exit mobile version