
Bhuneshwar: भुवनेश्वर में पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक कथित मादक पदार्थ तस्कर घायल हो गया. शुक्रवार को एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. यह घटना बृहस्पतिवार और शुक्रवार की मध्य रात्रि खंडगिरी इलाके में घटी.
घायल व्यक्ति की पहचान शेख जमशेद के रूप में हुई है, जो कथित रूप से ‘ब्राउन शुगर’ की तस्करी में वांछित था. गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भुवनेश्वर-कटक पुलिस आयुक्तालय की विशेष अपराध इकाई ने जमशेद को पकड़ने के लिए पूरी रात उसका पीछा किया.
अधिकारी ने बताया कि मोटरसाइकिल सवार जमशेद जब खंडगिरी इलाके में जयदेव वाटिका के पास पहुंचा तो उसने पुलिस दल पर गोलियां चला दीं और पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली मार दी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया.
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसके कब्जे से 20 लाख रुपये मूल्य की ‘ब्राउन शुगर’ और एक पिस्तौल जब्त की. उन्होंने बताया कि जमशेद को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भुवनेश्वर में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत स्थिर बताई गई है. मादक पदार्थों का माफिया यहां लाल बाग, बलियांटा, लक्ष्मीसागर और बड़ागढ़ पुलिस थानों में दर्ज कई मामलों में वांछित था अधिकारी ने बताया कि उसे पहले भी अपराध शाखा के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने मादक पदार्थ तस्करी के एक मामले में गिरफ्तार किया था और बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया था.
