
Kendrapada.ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में पुलिस ने 50 वर्षीय एक व्यक्ति को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में रविवार को दो पत्रकारों को गिरफ्तार किया. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पत्रकारों ने व्यक्ति को दुष्कर्म के झूठे मामले में कथित तौर पर फंसाया था. पुलिस के मुताबिक, व्यक्ति (मृतक) के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाने में पत्रकारों के साथ देने वाली महिला फरार है. अधिकारी ने बताया कि पटकुरा थानाक्षेत्र के एक गांव में रहने वाले 50 वर्षीय व्यक्ति ने उसपर दुष्कर्म का आरोप लगाये जाने के बाद बृहस्पतिवार को एक पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी.
उन्होंने बताया कि पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें व्यक्ति ने अपनी मौत के लिए दो पत्रकारों और 31 वर्षीय एक महिला को जिम्मेदार ठहराया है. पुलिस के मुताबिक, महिला ने आरोपी पत्रकारों के कहने पर व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था. पुलिस ने मृतक की पत्नी द्वारा तीनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज कराई गयी शिकायत पर कार्रवाई की. स्थानीय अदालत ने एक निजी टेलीविजन चैनल और एक यूट्यूब चैनल के पत्रकार की जमानत याचिका खारिज करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया. पुलिस मामले में तीसरे आरोपी (महिला) की तलाश कर रही है.
