Site icon Lahar Chakra

Operation Chakra 5: CBI ने ‘Digital Arrest’ गिरोहों पर शिकंजा कसा, 12 स्थानों पर छापेमारी के बाद चार लोग गिरफ्तार

New Delhi. केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोहों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 स्थानों पर छापेमारी के बाद चार लोगों को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने इसे ‘ऑपरेशन चक्र-5’ करार देते हुए बताया कि सीबीआई ने राजस्थान सरकार के अनुरोध पर दर्ज ‘डिजिटल अरेस्ट’ के मामले के संबंध में उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और मुंबई में छापेमारी कर दोनों जगहों से दो-दो लोगों को गिरफ्तार किया.
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने 42 किस्तों में कुल 7.67 करोड़ रुपये की उगाही की.
अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधियों ने खुद को विभिन्न कानून लागू करने वाली एजेंसियों का अधिकारी बताकर पीड़ित को तीन महीने से अधिक समय तक ‘डिजिटल अरेस्ट’ में रखा.
सीबीआई के प्रवक्ता ने एक बयान में बताया, “सीबीआई ‘डिजिटल अरेस्ट’ के मामलों की जांच में बहुआयामी दृष्टिकोण अपना रही है, जिसमें ऐसे अपराधों के पीछे के बुनियादी ढांचे को खत्म करने पर विशेष जोर दिया गया है.
उन्होंने बताया कि सीबीआई ने हाल के महीनों में ‘डिजिटल अरेस्ट’ के कई मामले दर्ज किए हैं.एजेंसी ने राजस्थान मामले को अपने हाथ में लेने के बाद व्यापक डेटा विश्लेषण और ‘प्रोफाइलिंग’ से जुड़ी गहन जांच की.प्रवक्ता ने बताया, “सीबीआई ने अपराधियों की पहचान के लिए जांच के उन्नत तकनीकों का इस्तेमाल किया. जांच के दौरान प्राप्त सुरागों के आधार पर, सीबीआई ने हाल ही में उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद व संभल, पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर, मुंबई और जयपुर में 12 स्थानों पर छापेमारी की, जिसके परिणामस्वरूप इस बेहद संगठित अपराध गिरोह में शामिल चार व्यक्तियों की गिरफ्तारी हुई.
उन्होंने बताया कि एजेंसी ने छापेमारी के दौरान बैंक खाते का विवरण, डेबिट कार्ड, चेकबुक, जमा पर्चियां और डिजिटल उपकरण/साक्ष्य जब्त किए. गिरफ्तार लोगों को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है.
Exit mobile version