
पटना।
महाराष्ट्र के पुणे में नौकरी, मजदूरी और पढ़ाई करने वाले बिहार के लाखों लोगों के लिए रेलवे ने एक बड़ा तोहफा दिया है। दानापुर और पुणे के बीच अब नई ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ दौड़ने वाली है। पूर्व मध्य रेलवे (Hajipur) ने 27 जून 2026 से इस नई साप्ताहिक ट्रेन (11431/11432) के नियमित परिचालन का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। यह ट्रेन कम किराये में यात्रियों को सुपरफास्ट और झटके-रहित आरामदायक सफर की गारंटी देगी।
किस दिन चलेगी और क्या होगा रूट?
रेलवे द्वारा जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, यह ट्रेन महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार को आपस में जोड़ेगी।
-
पुणे से (ट्रेन सं. 11431): 27 जून से हर शनिवार को खुलेगी।
-
दानापुर से (ट्रेन सं. 11432): 29 जून से हर सोमवार को खुलेगी।
यह नई अमृत भारत एक्सप्रेस पुणे से खुलकर भुसावल, इटारसी, जबलपुर, प्रयागराज छिवकी, डीडीयू (पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन), बक्सर और आरा के रास्ते दानापुर पहुंचेगी।
दानापुर और पुणे से खुलने का तय टाइम-टेबल
यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने इसका पक्का शेड्यूल जारी किया है, जिसे सफर से पहले डायरी में नोट कर लें:
-
पुणे से दानापुर (11431): यह ट्रेन हर शनिवार दोपहर 15:25 बजे पुणे से रवाना होगी। अगले दिन रविवार रात 21:43 बजे डीडीयू, रात 22:50 बजे बक्सर, रात 23:38 बजे आरा रुकते हुए सोमवार की तड़के (रात) 01:30 बजे दानापुर पहुंचेगी।
-
दानापुर से पुणे (11432): वापसी में यह ट्रेन हर सोमवार की अहले सुबह 03:30 बजे दानापुर से खुलेगी। सुबह 03:56 बजे आरा, 04:50 बजे बक्सर और 07:15 बजे डीडीयू जंक्शन होते हुए अगले दिन मंगलवार को सुबह 11:05 बजे पुणे जंक्शन पहुंचेगी।
18 कोच वाली ट्रेन में होगी ‘पैंट्री कार’ की सुविधा
इस नई अमृत भारत एक्सप्रेस में कुल 18 कोच लगाए गए हैं। इसमें स्लीपर (Sleeper) श्रेणी के 8 कोच, जनरल (अनारक्षित) श्रेणी के 7 कोच, एसएलआरडी के 2 कोच और गरमा-गरम खाने के लिए 1 ‘पैंट्री कार’ (Pantry Car) का कोच शामिल होगा। इसके शुरू होने से दानापुर और पटना जंक्शन पर पुणे जाने वाली ‘दानापुर-पुणे सुपरफास्ट’ और ‘संघमित्रा एक्सप्रेस’ की भारी भीड़ से मुसाफिरों को बड़ी राहत मिलेगी।
