Site icon Lahar Chakra

PM Modi: किसी ने हमारी बहनों का सिंदूर मिटाने की हिमाकत की तो उसका अंत निकट है; गुजरात में बोले प्रधानमंत्री, वडोदरा में रोड शो भी किया, कर्नल कुरैशी का परिवार भी पहुंचा

Vadodara. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहलगाम आतंकवादी हमले के जवाब में चलाए गए भारतीय सेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सराहना करते हुए सोमवार को कहा कि अगर किसी ने ‘‘हमारी बहनों का सिंदूर मिटाने की हिमाकत की तो उसका अंत निकट है.प्रधानमंत्री मोदी ने दो दिवसीय यात्रा पर गुजरात पहुंचने के बाद सोमवार की सुबह वडोदरा में रोड शो किया जिसके बाद वह एक जनसभा को संबोधित करने के लिए दाहोद रवाना हो गए. मोदी ने दाहोद में रैली के दौरान पाकिस्तान का जिक्र करते हुए कहा, विभाजन के बाद अस्तित्व में आया देश भारत के प्रति नफरत पर जी रहा है. उन्होंने कहा,‘पाकिस्तान का एकमात्र उद्देश्य भारत से दुश्मनी करना और भारत को नुकसान पहुंचाना है. मोदी ने कहा कि भारत का लक्ष्य गरीबी हटाना, आर्थिक विकास लाना और विकसित राष्ट्र बनना है. उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सराहना करते हुए कहा कि अगर किसी ने ‘‘हमारी बहनों का सिंदूर मिटाने की हिमाकत की तो उसका अंत निकट है.
पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। पहलगाम हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत ने छह मई की देर रात पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकवादी ढांचों पर सटीक हमले किए थे, जिसके बाद पाकिस्तान ने आठ, नौ और 10 मई को भारतीय सैन्य ठिकानों पर हमले करने का प्रयास किया था. भारतीय पक्ष ने पाकिस्तानी कार्रवाइयों का कड़ा जवाब दिया। दोनों पक्षों के सैन्य अभियानों के महानिदेशकों के बीच 10 मई को बातचीत के बाद सैन्य संघर्ष को रोकने पर सहमति बनी थी.’ऑपरेशन सिंदूर’ की जानकारी देने के लिए नियमित संवाददाता सम्मेलन करने के कारण सुर्खियों में आईं कर्नल सोफिया कुरैशी के परिवार के सदस्य भी प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए एकत्र उत्साही भीड़ में मौजूद थे.
कर्नल कुरैशी वडोदरा से हैं और उनके माता-पिता, बहन शायना सुनसारा और भाई मोहम्मद संजय कुरैशी भी रोड शो में मौजूद थे.इससे पहले, मोदी का सोमवार को सुबह करीब 10 बजे वडोदरा हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत किया गया और उन्होंने वायुसेना स्टेशन तक एक किलोमीटर का रोड शो किया.
पाकिस्तान के खिलाफ भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर उन्हें बधाई देने के लिए रोड शो के दौरान मार्ग के दोनों ओर लोग खड़े थे जिन्होंने तिरंगा लहराया और भारतीय सेना एवं प्रधानमंत्री के समर्थन में नारे लगाए.
Exit mobile version