
Siwan. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के सिवान से 5900 करोड़ रुपये से अधिक की 28 विकास परियोजनाओं का शुक्रवार को उद्घाटन एवं शिलान्यास किया. मोदी ने 400 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित नयी वैशाली-देवरिया रेलवे लाइन परियोजना का उद्घाटन किया और इस मार्ग पर एक नयी ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाई. इसके अतिरिक्त, मोदी ने उत्तर बिहार में संपर्क सुविधा को बेहतर बनाने के लिए मुजफ्फरपुर और बेतिया के रास्ते पाटलिपुत्र और गोरखपुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाई. प्रधानमंत्री ने ‘मेक इन इंडिया – मेक फॉर द वर्ल्ड’ को आगे बढ़ाते हुए मरहोरा संयंत्र में निर्मित अत्याधुनिक लोकोमोटिव को भी हरी झंडी दिखाई. इस लोकोमोटिव को गिनी गणराज्य को निर्यात किया जाना है.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सिवान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर उनके शासन के दौरान बिहार को गरीबी व अराजकता की ओर धकेलने का शुक्रवार को आरोप लगाया. प्रधानमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार के लोगों ने कांग्रेस-राजद द्वारा पैदा किए गए ‘जंगल राज को खत्म कर दिया है’. मोदी ने बाबासाहेब भीम राव आंबेडकर का कथित रूप से अपमान करने के लिए राजद की आलोचना करते हुए कहा कि राज्य के लोग दलितों के आदर्श का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे.
मोदी ने कहा, ‘बिहार से श्रमिकों के बड़े पैमाने पर पलायन और राज्य में दशकों से व्याप्त गरीबी के लिए राजद और कांग्रेस जिम्मेदार हैं.उन्होंने आरोप लगाया कि राजद-कांग्रेस का शासन मॉडल ‘लोगों की जरूरतों को नजरअंदाज कर अपने परिवारों को समृद्ध करने’’ पर केंद्रित है.
उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस के लाइसेंस राज के दौरान उनके नेता अमीर हो गए लेकिन जनता गरीब बनी रही. मोदी ने कहा, ‘राजद ने बाबा साहेब का अपमान किया और बिहार की जनता उसके नेताओं को कभी माफ नहीं करेगी. राजद और कांग्रेस के नेता देश के संविधान निर्माता की तस्वीरें अपने पैरों के पास रखते हैं. मैं उनकी तस्वीर को अपने दिल के करीब रखता हूं.
मोदी ने राजद के राजनीतिक दृष्टिकोण पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘हम ‘सबका साथ, सबका विकास’ में विश्वास करते हैं लेकिन वे केवल ‘परिवार का विकास’ में विश्वास करते हैं. प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि बिहार के ‘कष्टप्रद अतीत’ के लिए जिम्मेदार कांग्रेस एवं राजद की अब सत्ता में लौटने पर नजर है.उन्होंने कहा, ‘उन्होंने जंगल राज बनाया और अब वे वापस आना चाहते हैं लेकिन बिहार के लोग विधानसभा चुनाव में उन्हें करारा जवाब देंगे.