Site icon Lahar Chakra

PM Modi Vs Rahul: बिहार में जंगलराज लाने वालों को जनता देगी जवाब: मोदी; भाजपा कर रही बिहार में चुनाव ‘चोरी करने’ की कोशिश, ‘जेन जेड’ इसे रोकें: राहुल

Patna. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि बिहार की जनता, विशेषकर माताएं और बेटियां, बड़ी संख्या में मतदान कर रही हैं ताकि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के जंगलराज” को वापस आने से रोका जा सके. उन्होंने कहा कि “फिर एक बार बिहार में सुशासन की सरकार” बननी चाहिए. बिहार के भागलपुर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने राजद और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इन दलों ने बिहार के गरीबों और महिलाओं के हितों के बारे में कभी नहीं सोचा. राजद पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, जंगलराज की पाठशाला में ‘ए’ का मतलब होता है ‘अपहरण’ और ‘फ़’ का मतलब ‘फिरौती’ सिखाया जाता है.

प्रधानमंत्री ने कहा कि भागलपुर दंगा और सिख नरसंहार कांग्रेस के काले अध्याय हैं, जिन्होंने देश को शर्मसार किया था. उन्होंने कांग्रेस पर छठ महापर्व का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा, कांग्रेस के नामदार ने छठ महापर्व का अपमान किया जो बिहार का अपमान है. वे तुष्टिकरण की राजनीति के चलते बिहार की आस्था का भी मज़ाक उड़ा रहे हैं. अब वही लोग घुसपैठियों की रक्षा करने में जुटे है.

बिहार में चुनाव ‘चोरी करने’ की कोशिश: राहुल
पूर्णिया में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव के बाद अब बिहार का चुनाव ‘‘चोरी करने’’ की कोशिश कर रही है.उन्होंने पूर्णियां की जनसभा में युवाओं और ‘जेन जेड’ का आह्वान किया कि भाजपा और निर्वाचन आयोग के ‘वोट चोरी’ करने के किसी भी प्रयास को रोकने के लिए मुश्तैद रहें.

गांधी ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा था, ‘‘हमने ऐसा सबूत दिया है कि भाजपा और निर्वाचन आयोग उसका कोई जवाब नहीं दे पा रहे हैं. उन्होंने दावा किया, भाजपा ने हरियाणा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ का चुनाव चोरी किया, लोकसभा का चुनाव चोरी किया. अब ये बिहार का चुनाव चोरी करने की कोशिश कर रहे हैं…इन लोगों ने महागठबंधन के वोटरों के नाम काटे हैं और फर्जी लोगों के नाम जोड़े हैं. ये लोग पूरा दम लगाकर चुनाव चोरी करने की कोशिश करेंगे.

Exit mobile version