


गम्हरिया. सितारामपुर डेम के पास 14 मार्च को हुए गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में विशेष जांच टीम (SIT) ने कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने बताया कि सितारामपुर डेम के किनारे 14 मार्च की शाम अज्ञात अपराधियों ने अफसर अली (निवासी: आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती, एच रोड) की गोली मारकर हत्या कर दी थी.
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सरायकेला के नेतृत्व में SIT टीम गठित की गई, जिसने भौतिक, तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की. एसआईटी टीम ने अब्दुल करीम उर्फ करीम हुसैन (25 वर्ष) और मो. फकरे आलम उर्फ राजू (34 वर्ष) को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक लोडेड पिस्टल (एक मैगजीन सहित), 7.65 MM की दो जिंदा गोलियां, 7.65 MM के दो खोखे, मृतक का ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है.
पुलिस के अनुसार इस हत्याकांड में कुछ अन्य अपराधी भी शामिल थे, जो अभी फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. एसआईटी टीम के सदस्यों में सरायकेला एसडीपीओ समीर कुमार सवैया, आदित्यपुर थाना प्रभारी राजीव कुमार, गम्हरिया थाना प्रभारी कुणाल कुमार, आदित्यपुर थाना के सहायक निरीक्षक विपुल कुमार ओझा, गम्हरिया थाना से अरुण कुमार महतो, सहायक निरीक्षक रघुनाथ मुंडी, आरक्षी सुभाष महतो, नीतीश कुमार पांडे, राघवेंद्र कुमार तथा अन्य सशस्त्र बल शामिल थे. प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी मुकेश लुनायत ने बताया कि हत्या के पीछे आपसी रंजिश या पुरानी दुश्मनी का कारण हो सकता है. इस मामले की विस्तृत जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.



