
Ranchi: कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में सुखदेवनगर थाना पुलिस ने कुख्यात अपराधी संदीप प्रधान उर्फ संदीप थापा और आदित्य सिंह उर्फ बिट्टू सिंह के ठिकानों पर छापेमारी की. इस दौरान पुलिस ने एक कार और करीब 15 लाख रुपये मूल्य की विदेशी स्पोर्ट्स बाइक बरामद की है.
डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि यह कार्रवाई दोनों अपराधियों से पूछताछ के दौरान मिली जानकारियों के आधार पर की गई है. पुलिस अब उनके अन्य साथियों और गुर्गों की तलाश में जुटी है.
बता दें कि दो दिन पहले ही पुलिस ने संदीप और बिट्टू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था. यह छापेमारी एसएसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की जा रही है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान बिट्टू सिंह के मोबाइल से एक वीडियो और फोटो भी बरामद हुआ है, जिसमें करोड़ों रुपये के लेन-देन की बातचीत सामने आई है. साथ ही एक तस्वीर में बिट्टू सिंह को भारी मात्रा में नकदी के साथ देखा जा सकता है. फिलहाल पुलिस कैश देने वालों की पहचान करने में जुटी है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.
