
Palamu : पलामू पुलिस ने एक फिल्मी स्टाइल में चार साल से फरार दुष्कर्म के आरोपी दिलीप महतो को गिरफ्तार कर लिया. यह गिरफ्तारी एक शादी समारोह के दौरान हुई, जहां पुलिसकर्मी रिश्तेदार बनकर पहुंचे और फरार आरोपी को धर दबोचा.
2021 का है मामला
यह मामला 2021 का है, जब पलामू के पाटन थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी. पीड़िता को थाने जाने से रोका गया था और उसके परिवार पर हमला किया गया था. तमाम मुश्किलों के बावजूद पीड़िता थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद दिलीप महतो को मुख्य आरोपी के रूप में चिह्नित किया गया. हालांकि, घटना के बाद महतो फरार हो गया था. पुलिस ने मामले की जांच की और आरोपी के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था.
मेहमानों के साथ घुलमिल गए पुलिस
शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि दिलीप महतो अपने साले की शादी में शामिल होने वाला है. इस जानकारी के आधार पर पाटन थाना प्रभारी लालजी के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम ने चतुराई भरा प्लान बनाया. पुलिसकर्मी रिश्तेदार बनकर शादी समारोह में शामिल हुए, ढोल बजाया और मेहमानों के साथ घुलमिल गए. जैसे ही दिलीप महतो वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया.
2017 में गया था जेल
पाटन थाना प्रभारी लालजी ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए मीडिया को बताया कि, “दिलीप महतो चार साल से फरार था. हमें उसके शादी समारोह में मौजूद होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद हमारी टीम रिश्तेदार बनकर वहां पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया.” उन्होंने यह भी खुलासा किया कि महतो का आपराधिक इतिहास रहा है. वह 2017 में भी दुष्कर्म के आरोप में जेल जा चुका था. जेल से छूटने के बाद उसने गांव में एक और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था, जिसे पंचायत स्तर पर सुलझा लिया गया था. लेकिन 2021 में एक लड़की के साथ दुष्कर्म के बाद यह मामला सामने आया.
