
Vetican. पोप फ्रांसिस के निधन के बाद कार्डिनल्स (उच्च पादरियों) ने अपना पहला निर्णय लेते हुए उनका अंतिम संस्कार शनिवार को करना तय किया है और बुधवार से आम श्रद्धालुओं को उनके अंतिम दर्शन की अनुमति दी जाएगी. फ्रांसिस का उत्तराधिकारी चुनने के लिए एक सम्मेलन शुरू होने से पहले अगले कदमों की रूपरेखा तैयार करने के लिए कार्डिनल्स पहली बार मंगलवार को वेटिकन के धर्मसभा हॉल में मिले. पोप फ्रांसिस का सोमवार को निधन हो गया. इतिहास के पहले लैटिन अमेरिकी पोप के निधन के बाद दुनियाभर से शोक संदेश आ रहे हैं. कार्डिनल्स ने सेंट पीटर स्क्वायर में फ्रांसिस के अंतिम संस्कार के लिए शनिवार सुबह 10 बजे का समय तय किया है. इस प्रक्रिया को ‘कॉलेज ऑफ कार्डिनल्स’ के डीन कार्डिनल गियोवानी बतिस्ता रे संपन्न कराएंगे.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि वह और अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप शनिवार को पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में शामिल होने की योजना बना रहे हैं. अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिली भी इसमें शामिल हो सकते हैं. फ्रांसिस का सोमवार को 88 वर्ष की आयु में निधन हो गया. निमोनिया के कारण पांच सप्ताह तक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद वह अपने अपार्टमेंट में स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे. वह रविवार को अंतिम बार सार्वजनिक रूप से सामने आए थे और उन्होंने ईस्टर के आशीर्वाद के साथ अनुयायियों का अंतिम अभिवादन किया था. वेटिकन ने पोप फ्रांसिस के निधन के बाद मंगलवार को उनकी पहली तस्वीर जारी की जिसमें लकड़ी के ताबूत में रखी उनकी पार्थिव देह के साथ ही प्रार्थना करते हुए वेटिकन के ‘सेक्रेटरी ऑफ स्टेट’ को देखा जा सकता है.
पोप फ्रांसिस की पार्थिव देह को लाल रंग के वस्त्र से ढके लकड़ी के ताबूत में देखा जा सकता है जिसके साथ उनकी पादरी टोपी (माइटर) रखी है और वेटिकन के ‘सेक्रेटरी ऑफ स्टेट’ प्रार्थना कर रहे हैं. यह तस्वीर डोमुस सेंटा मार्टा होटल के चैपल की है जहां पोप रहते थे.
