
जमशेदपुर. रक्षाबंधन के पावन अवसर पर बहनों को अपने भाई तक समय पर राखी पहुंचाने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए डाक विभाग ने एक उल्लेखनीय और सराहनीय कदम उठाया है. सिंहभूम मंडल के वरिष्ठ डाक अधीक्षक उदयभान सिंह के निर्देश पर इस बार रविवार को भी प्रधान डाकघर खोले जाएंगे.
इस विशेष व्यवस्था के तहत 4 अगस्त, रविवार को जमशेदपुर और चाईबासा के प्रधान डाकघर खुले रहेंगे. डाकघर में बहनों के लिए राखी बुकिंग और गंतव्य तक उसे पहुंचाने की पूरी व्यवस्था की गई है. यह पहल खासतौर पर उन बहनों के लिए फायदेमंद होगी, जो सप्ताह के अन्य दिनों में व्यस्तता या अन्य कारणों से राखी नहीं भेज पातीं. अब वे रविवार को भी डाकघर पहुंचकर अपने भाई के लिए राखी भेज सकेंगी.
प्रधान डाकघर में अलग से बने काउंटर
राखी सिर्फ एक धागा नहीं, बल्कि भाई-बहन के रिश्ते का अनमोल प्रतीक है. इसे समय पर भाई तक पहुंचाने के लिए डाक विभाग ने भावनात्मक जिम्मेदारी उठाई है. इस विशेष सेवा के माध्यम से डाक विभाग न सिर्फ राखी पहुंचाएगा, बल्कि बहनों की भावनाओं को भी उनके भाई तक सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से पहुंचाएगा. वहीं, राखी को लेकर सभी डाकघरों में विशेष दिशा-निर्देश जारी किया गया है. बिष्टुपुर स्थित प्रधान डाकघर में अलग से काउंटर बनाए गए हैं, ताकि ग्राहकों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो.
