Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur News :मलेरिया प्रभावित गांवों में पहुंचे विधायक प्रतिनिधिमंडल, पीड़ित परिवारों को दी सांत्वना

पोटका। पोटका प्रखंड के विभिन्न गांवों में मलेरिया के प्रकोप से बच्चों की हुई मौतों के बाद रविवार को विधायक संजीव सरदार की अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधिमंडल ने प्रभावित गांवों का दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए विधायक संजीव सरदार का संदेश पहुंचाया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।

हितबासा, खड़िया साईं और झारिया गांव पहुंचा प्रतिनिधिमंडल, विधायक की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की

प्रतिनिधिमंडल ने पोड़ा-तेंतला पंचायत के हितबासा (दोड़दोड़ा टोला), हेसालबिल पंचायत के खड़िया साईं तथा भाटिन पंचायत के झारिया गांव पहुंचकर मलेरिया से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की साथ ही विधायक की ओर से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों का हालचाल जाना और इस दुख की घड़ी में धैर्य बनाए रखने की अपील की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि विधायक संजीव सरदार लगातार क्षेत्र की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़े हैं।

राहत कार्य में तेजी लाने की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य विभाग से प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल विशेष जांच शिविर लगाने, डीडीटी का छिड़काव कराने, मच्छरदानी वितरण तेज करने तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि मलेरिया संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को युद्धस्तर पर कार्य करना होगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। प्रतिनिधिमंडल में हिरामणि मुर्मू, सुधीर सोरेन, भुवनेश्वर सरदार, हितेश भक्त, चक्रधर महतो एवं रमेश सोरेन शामिल थे।

Exit mobile version