Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS: पोटका में घर-घर मलेरिया जांच अभियान, स्वास्थ्य विभाग ने तेज की रोकथाम की तैयारी

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया उन्मूलन को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। सिविल सर्जन डॉ. साहिर पॉल के निर्देश पर रविवार को लगातार दूसरे दिन भी पोटका प्रखंड के मलेरिया प्रभावित गांवों में विशेष स्वास्थ्य अभियान चलाया गया। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर मुफ्त मलेरिया जांच, दवा वितरण, उपचार और जागरूकता कार्यक्रम चला रही हैं, ताकि संभावित मरीजों की समय रहते पहचान कर उन्हें उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

गांव-गांव पहुंच रही स्वास्थ्य विभाग की टीम

स्वास्थ्य विभाग के इस विशेष अभियान में 20 मेडिकल ऑफिसर, 29 कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO), 11 मल्टी पर्पस वर्कर (MPW) तथा संबंधित क्षेत्रों की सहिया सक्रिय रूप से भाग ले रही हैं। टीमें बुखार से पीड़ित लोगों की जांच कर रही हैं, आवश्यक दवाइयां उपलब्ध करा रही हैं और गंभीर मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं सदर अस्पताल रेफर किया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य मलेरिया के मामलों की शीघ्र पहचान कर संक्रमण के प्रसार को रोकना और प्रभावित गांवों में समय पर उपचार सुनिश्चित करना है।

अंधविश्वास छोड़ें, तुरंत कराएं जांच

अभियान के दौरान ग्रामीणों को जागरूक करते हुए स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि मलेरिया एक गंभीर लेकिन पूरी तरह उपचार योग्य बीमारी है, यदि समय पर जांच और सही इलाज कराया जाए। लोगों से अपील की जा रही है कि वे झाड़-फूंक, अंधविश्वास और झोला-छाप चिकित्सकों के भरोसे इलाज न कराएं। बुखार आने पर तुरंत नजदीकी आयुष्मान आरोग्य मंदिर या सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं।

डॉ. साहिर पॉल बोले- जनसहयोग से ही मिलेगी सफलता

सिविल सर्जन डॉ. साहिर पॉल ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ मलेरिया नियंत्रण के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि अवकाश के दिन भी बड़ी संख्या में डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी गांवों में जाकर सेवाएं दे रहे हैं, जो विभाग की जनस्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि मलेरिया के खिलाफ यह लड़ाई तभी सफल होगी, जब स्वास्थ्य विभाग और आम जनता मिलकर काम करेंगे।

मलेरिया से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की सलाह

स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से निम्नलिखित सावधानियां अपनाने की अपील की है—

अभियान रहेगा लगातार जारी

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूर्वी सिंहभूम के मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय रोगी खोज, नियमित स्वास्थ्य शिविर, मुफ्त जांच, उपचार और जन-जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वास्थ्य टीमों का सहयोग करें और ‘मलेरिया मुक्त पूर्वी सिंहभूम’ अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Exit mobile version