
Jamshedpur. जमशेदपुर के समीप पोटका थाना क्षेत्र में सोमवार को एक ऑटो और अज्ञात वाहन की सीधी टक्कर में ऑटो चालक शंभू गोप की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक और घायलों के परिवारों में कोहराम मच गया है. वहीं एक ही परिवार के 12 लोग घायल हो गए. घायलों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं.गंभीर रूप से घायल गोपी, बिरंकणी, नमिता, राजबाला और ननिका को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी घायलों का इलाज स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है. घटना उस समय हुई जब परिवार के सभी लोग चाईबासा से बस से पोटका पहुंचे थे। वहां से वे ऑटो में सवार होकर किसी रिश्तेदार के घर श्राद्ध कर्म में हिस्सा लेने जा रहे थे. इसी दौरान अज्ञात वाहन से ऑटो की टक्कर हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत पोटका के स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया. वहां सभी का इलाज जारी है.
