
Ranchi. केंद्रीय गृह मंत्रालय ने गणतंत्र दिवस-2025 के अवसर पर झारखंड के दो आइपीएसअधिकारियों सहित कुल 11 पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को पुलिस पदक से नवाजा है। इनमें एक डीएसपी संजय कुमार को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। जबकि आईपीएस अनूप बिरथरे और पटेल मयूर कन्हैयालाल समेत 11 पुलिस अधिकारीऔर कर्मियों को सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है. इस संबंध में गृह विभाग की ओर से अधिसूचना जारी की गयी है.
इसके अतिरिक्त जिन पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, साहस और अनुकरणीय सेवा के लिए यह सम्मान मिला है, उनमें हेड कांस्टेबल कृष्णा कुमार क्षेत्री, अरुण कुमार ओझा, मार्कस सुनवार, जयदेव प्रधान, जेनेट मार्गरेट लकड़ा, कुमुदिनी कुजूर, सुफल ओरिया और मो. वसीम अख्तर शामिल हैं. इन सभी ने जमीनी स्तर पर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है. राज्य सरकार और पुलिस विभाग ने इसे पूरे झारखंड पुलिस के लिए गर्व का विषय बताया है.
